Short Questions
प्रश्न 1. भारत में सड़क जाल की कुल लंबाई कितनी है?
उत्तर: लगभग 62.16 लाख किमी (2020-21)।
प्रश्न 2. स्वर्णिम चतुर्भुज महा राजमार्ग किन शहरों को जोड़ता है?
उत्तर: दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और मुंबई।
प्रश्न 3. दिल्ली और अमृतसर के बीच कौन-सा ऐतिहासिक राष्ट्रीय राजमार्ग है?
उत्तर: शेरशाह सूरी मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-1)।
प्रश्न 4. भारत की पहली रेलगाड़ी कब और कहाँ चलाई गई?
उत्तर: 1853 में, मुंबई और थाणे के बीच।
प्रश्न 5. भारत का सबसे बड़ा पत्तन कौन-सा है?
उत्तर: मुंबई पत्तन।
प्रश्न 6. कोलकाता पत्तन किस प्रकार का पत्तन है?
उत्तर: अंतः स्थलीय नदीय पत्तन।
प्रश्न 7. भारत में वायु परिवहन का राष्ट्रीयकरण कब हुआ?
उत्तर: सन् 1953 में।
प्रश्न 8. भारत का डाक संचार तंत्र विश्व में किस स्थान पर है?
उत्तर: यह विश्व का वृहत्तम डाक संचार तंत्र है।
प्रश्न 9. भारत के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार का सबसे बड़ा हिस्सा किस मार्ग से होता है?
उत्तर: समुद्री मार्ग से (95% व्यापार)।
प्रश्न 10. भारत में पर्यटन उद्योग में कितने लोग प्रत्यक्ष रूप से संलग्न हैं?
उत्तर: लगभग 150 लाख लोग।
Long Questions
प्रश्न 1. सड़क परिवहन की महत्ता स्पष्ट कीजिए।
उत्तर: सड़क परिवहन का निर्माण व व्यवस्था सरल है और यह घर-घर सेवा देता है। पहाड़ी व ऊबड़-खाबड़ क्षेत्रों में भी सड़कें बनाई जा सकती हैं। यह कम दूरी, कम व्यक्तियों और कम सामान के परिवहन में सस्ता व सुविधाजनक है। इसके अतिरिक्त यह अन्य परिवहन साधनों को जोड़ने वाली कड़ी का भी कार्य करता है।
प्रश्न 2. स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना का वर्णन कीजिए।
उत्तर: इस परियोजना में दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और मुंबई को 6 लेन वाले राजमार्ग से जोड़ा गया है। इसमें उत्तर-दक्षिण गलियारा (श्रीनगर से कन्याकुमारी) तथा पूर्व-पश्चिम गलियारा (सिलचर से पोरबंदर) शामिल हैं। इसका उद्देश्य मेगासिटी के बीच दूरी और परिवहन समय कम करना है।
प्रश्न 3. सीमांत सड़कों का महत्त्व बताइए।
उत्तर: सीमांत सड़क संगठन (1960) द्वारा निर्मित सड़कें सामरिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण हैं। इनसे दुर्गम क्षेत्रों तक पहुँच आसान हुई है और आर्थिक विकास में भी सहायता मिली है। उदाहरण: अटल टनल (9.02 किमी) जो मनाली को लाहौल-स्पीति से जोड़ती है।
प्रश्न 4. भारत में रेल परिवहन का महत्व लिखिए।
उत्तर: रेल परिवहन लंबी दूरी पर यात्रियों और सामान ढोने में सहायक है। यह व्यापार, भ्रमण और तीर्थयात्राओं को बढ़ावा देता है। उत्तरी मैदान में इसका विकास भूमि की समतलता, घनी जनसंख्या और कृषि की प्रचुरता के कारण हुआ। यह देश की अर्थव्यवस्था व उद्योगों के विकास में सहायक है।
प्रश्न 5. जल परिवहन के लाभ बताएँ।
उत्तर: जल परिवहन सबसे सस्ता साधन है, भारी वस्तुएँ ढोने में उपयुक्त है और पर्यावरण अनुकूल है। भारत में अंतःस्थलीय जलमार्ग 14,500 किमी है। प्रमुख जलमार्गों में गंगा (हल्दिया-इलाहाबाद), ब्रह्मपुत्र (सदिया-धुबरी), पश्चिमी तटीय नहर और महानदी-गोदावरी-क्रिष्णा से जुड़ी नहरें शामिल हैं।
प्रश्न 6. भारत के प्रमुख समुद्री पत्तनों का वर्णन कीजिए।
उत्तर: प्रमुख पत्तनों में कांडला (दीनदयाल), मुंबई, जवाहरलाल नेहरू, मारमागाओ, न्यू-मैंगलोर, कोची, तूतीकोरिन, चेन्नई, विशाखापट्टनम, पारादीप, कोलकाता और हल्दिया शामिल हैं। ये देश के 95% विदेशी व्यापार का संचालन करते हैं।
प्रश्न 7. भारत में वायु परिवहन का महत्व लिखिए।
उत्तर: वायु परिवहन सबसे तेज़, आरामदायक व प्रतिष्ठित साधन है। यह पर्वत, रेगिस्तान, जंगल और समुद्री मार्गों को पार करने में उपयोगी है। 1953 में राष्ट्रीयकरण के बाद एयर इंडिया घरेलू व अंतर्राष्ट्रीय सेवा देती है। पवन हंस हेलीकॉप्टर कठिन क्षेत्रों में सेवा प्रदान करता है।
प्रश्न 8. भारत की संचार सेवाओं का वर्णन कीजिए।
उत्तर: भारत का डाक संचार तंत्र विश्व का सबसे बड़ा है। दूरसंचार, टेलीफोन, रेडियो, दूरदर्शन, समाचार पत्र व इंटरनेट आधुनिक संचार के मुख्य साधन हैं। डिजिटल भारत कार्यक्रम तकनीकी विकास पर आधारित है। आकाशवाणी और दूरदर्शन शिक्षा, मनोरंजन व जागरूकता फैलाने का कार्य करते हैं।
प्रश्न 9. अंतर्राष्ट्रीय व्यापार का महत्व स्पष्ट कीजिए।
उत्तर: अंतर्राष्ट्रीय व्यापार से विदेशी मुद्रा अर्जित होती है और यह किसी देश की आर्थिक स्थिति का सूचक है। भारत के निर्यात में रत्न-जवाहरात, रसायन, कृषि उत्पाद प्रमुख हैं जबकि आयात में पेट्रोलियम, मशीनें और धातुएँ आती हैं। आज भारत सॉफ्टवेयर महाशक्ति के रूप में भी उभरा है।
प्रश्न 10. पर्यटन को एक व्यापार के रूप में समझाइए।
उत्तर: पर्यटन राष्ट्रीय एकता और स्थानीय हस्तकला को बढ़ावा देता है। भारत में 150 लाख लोग इसमें कार्यरत हैं। विरासत पर्यटन, पारि-पर्यटन, सांस्कृतिक व चिकित्सा पर्यटन प्रमुख रूप से विकसित हो रहे हैं। यह विदेशी मुद्रा अर्जित करने और सांस्कृतिक समझ बढ़ाने में सहायक है।
Leave a Reply